पत्नी और दो बच्चों को आग से झुलस कर मौत मामले में पुलिस ने एसईसीएल कर्मचारी पति को किया गिरफ्तार…

0

हिंद स्वराष्ट्र जरही/ भटगांव : महिला व उसके 2 मासूम बेटों की आग से जलकर मौत मामले में सूरजपुर जिले के भटगांव पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। दरअसल महिला का पति दूसरी महिला से मोबाइल पर अक्सर बात करता था। जिसका पत्नी द्वारा विरोध किया जाता था तो पति द्वारा उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाता था। पत्नी ने कई बार मना किया लेकिन पति ने उसकी बात नहीं सुनी। इससे परेशान महिला ने अपने 2 मासूम बेटों के साथ आग लगा ली थी। आग से गंभीर रूप से झुलसे तीनों को अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां तीनों की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति पर आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। दरअसल 16 जुलाई 2022 की रात शक्तिनगर जरही निवासी संजीव चौधरी के घर में आग लगने की सूचना भटगांव पुलिस को मिली जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से संजीव चौधरी की पत्नी बसंती चौधरी 32 वर्ष, बेटे अनमोल 10 वर्ष एवं हिमांचल 6 वर्ष को जले अवस्था में कमरे से निकालकर इलाज हेतु एसईसीएल अस्पताल भटगांव लाकर भर्ती कराया।
जहां डॉक्टर द्वारा तीनों को बेहतर उपचार हेतु अम्बिकापुर रेफर करने पर जीवन ज्योति हास्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान बसंती चौधरी व दोनों बेटों की मौत हो गई थी। थाना अंबिकापुर से तीनों मृतकों की मर्ग डायरी प्राप्त होने पर भटगांव पुलिस ने जांच प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारी भटगांव को बारीकी से मर्ग जांच करने के निर्देश दिए। एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में भटगांव पुलिस ने सभी बिन्दुओं पर जांच की। इसमें पता चला संजीव चौधरी द्वारा मोबाइल से अन्य किसी महिला से बात करने पर मृतका शक जाहिर करती थी। वह पति को बात करने से मना करती थी किन्तु पत्नी की बात न मानते हुए संजीव दूसरी महिला से बात करता था। वह अक्सर झगड़ा-विवाद कर पत्नी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करता था। इसी से त्रस्त होकर बसंती ने घटना दिवस को अपने दोनों बच्चों के साथ आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

इसके बाद पुलिस ने कॉलरीकर्मी संजीव चौधरी पिता बिरंजी प्रसाद चौधरी के विरूद्ध धारा 306 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी भटगांव शरद चंद्रा, एसआई बृजमोहन गुप्ता, प्रधान आरक्षक संजय चौहान, आरक्षक रजनीश पटेल, प्रहलाद पैंकरा व शैलेश राजवाड़े सक्रिय रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here