युवक की फावड़े से वारकर हत्या, आरोपी महिला फरार….

0

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: शहर के नवागढ़ मोहल्ले में एक महिला ने दिनदहाड़े नंदगोपाल बरगाह (40) की फावड़ा से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद महिला किराए के घर को खाली छोड़कर भाग निकली। महिला के घर मृतक गया था जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और महिला ने उसकी हत्या कर दी। फरार महिला की खोजबीन की जा रही है। सीसी कैमरों की मदद से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला किस ओर भागी है।
शुक्रवार दोपहर नवागढ़ मोहल्ले में युवक की हत्या की सूचना मिलते ही सीएसपी अखिलेश कौशिक ,थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक का शव किराए के मकान के बाहर खून से लथपथ पड़ा हुआ था।मृतक की पहचान लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम पसेना निवासी नंदगोपाल बरगाह के रूप में की गई। जांच में पता चला कि मृतक शादीशुदा है। नवागढ़ वार्ड के दूसरे मोहल्ले में वह पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था। शहर में मेहनत मजदूरी कर वह जीवन यापन करता था। जिस महिला के घर के नजदीक उसकी लाश पड़ी थी, उसमें बगीचा थाना क्षेत्र की महिला रहती थी।वह भी किराए का ही मकान था। वह भी शहर में ही मजदूरी करती थी। उसके घर दूसरे लोगों का आना-जाना लगा रहता था। महिला के घर मृतक का भी अक्सर आना-जाना था। जब पुलिस ने महिला के किराए के मकान की छानबीन की तो वहां खून से सना एक फावड़ा मिला। इसी फावड़े से युवक की हत्या की गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद महिला तेजी से भाग निकली थी। मकान मालिक के परिवार के महिला सदस्यों ने उसे मृतक को घसीटते और घर छोड़कर पैदल भागते भी देखा था इसलिए पुलिस फरार महिला को ही आरोपित मान रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के घरों में लगे सीसी कैमरों की भी जांच की है उसमें महिला भागते हुए नजर आ रही है। उसको हिरासत में लेकर पुछताछ करने के बाद ही घटना की वजह स्पष्ट हो जाएगी। थाना प्रभारी निरीक्षक भारद्वाज सिंह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर मकान मालिक की बहू घर से बाहर निकली तो देखा कि फरार महिला अपने किराए के कमरे से खून से लथपथ युवक को बाहर निकाल घसीट रही है। बहू ने तत्काल अपनी सास को जानकारी दी जब परिवार के सदस्य आरोपित से कारण जानना चाहे तो घर में बार-बार आने की बात कह वह युवक को छोड़कर भाग गई। घटना को अवैध संबन्ध से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here